बीएलओ की ड्यूटी दूर लगाने और मानदेय प्रपत्र समय से न भेजने पर शिक्षामित्रों ने जताया रोष

सिद्धार्थनगर। आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को बांसी तहसील मुख्यालय पर सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के जिलाध्यक्ष हेमन्त कुमार शुक्ला ने किया, जबकि संचालन जिला महामंत्री श्याम बिहारी चौधरी ने किया। इस मौके पर प्रमुख रूप से बीएलओ ड्यूटी को लेकर असन्तोष जताया गया। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षामित्रों की ड्यूटी अक्सर चार से पांच किलोमीटर दूर लगाई जाती है, जिससे उन्हें आने-जाने में कठिनाई होती है। संगठन ने प्रशासन से मांग किया कि बीएलओ ड्यूटी विद्यालय के निकट क्षेत्र में ही लगाई जायें, ताकि शिक्षा व्यवस्था भी प्रभावित न हो और शिक्षामित्रों को अतिरिक्त बोझ भी न उठाना पड़े। इसके साथ ही बीआरसी स्तर से मानदेय बिल समय पर प्रस्तुत न किये जाने की समस्या पर भी गम्भीर नाराजगी जताई गई। जिलाध्यक्ष हेमन्त कुमार शुक्ला ने कहा कि मानदेय समय से न मिलने पर शिक्षामित्रों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है। संगठन ने मांग किया कि बिल प्रस्तुत करने की प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाया जायें। जिला मंत्री श्याम बिहारी चौधरी ने कहा कि शिक्षामित्रों की समस्याओं का समाधान तभी सम्भव है, जब संगठन मजबूत होगा। सभी को एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़नी होगी। सोमवार को बीएसए के नाम सम्बोधित ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। बैठक में दीप नारायण पाल, सदानन्द दूबे, रामसुख चौधरी, हरिश्चन्द्र चौरसिया, अशोक कुमार अवस्थी, अशोक कुमार, अजीमुद्दीन खान, सुशील कुमार मिश्रा, वीरेन्द्र प्रताप सिंह, विजय प्रताप सिंह, मोतीलाल यादव, राम प्रकाश, पवन शुक्ला, हरीश आर्या, प्रदीप शर्मा, रामजीत मौर्य, नफीस अंसारी, अवधेश पाण्डेय, केशरी नन्दन, मन्नवर खान, धनीराम यादव, राकेश शर्मा, राम विलास यादव, संजय त्रिपाठी, राजकुमार, अशोक मौर्य, राजीव कुमार, विनोद चतुर्वेदी, जय प्रकाश त्रिपाठी, रामदास चौधरी आदि उपस्थित थे।




