बारावफात पर्व को लेकर एसपी के नेतृत्व में पुलिस ने दंगा निरोधक उपकरणों का किया प्रशिक्षण

सिद्धार्थनगर। रिजर्व पुलिस लाइन सिद्धार्थनगर में बारावफात त्योहार की तैयारियों के मद्देनजर पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ0 अभिषेक महाजन के नेतृत्व में पुलिस द्वारा हुए इस अभ्यास में दंगा निरोधक उपकरणों का प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस बल को छोटे-छोटे दलों में बांटा गया। प्रत्येक टीम को विभिन्न परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। अभ्यास में लाठीचार्ज, आंसू गैस, रबर बुलेट गन, एंटी राइट गन, टीयर गैस गन, मिर्ची बम और हैंड ग्रेनेड के प्रयोग का प्रशिक्षण शामिल था। पुलिस बल को विधिक प्रावधानों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि आपात स्थिति में कौन सी टीम कब और कैसे कार्रवाई करेगी। एसपी डॉ0 अभिषेक महाजन ने कहा कि बारावफात पर बड़ी भीड़ जुटती है। किसी भी अफवाह या विवाद से माहौल बिगड़ सकता है। उन्होंने जवानों को ड्यूटी के दौरान संयम रखने और जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिये।अभ्यास में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष और प्रतिसार निरीक्षक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने प्रशिक्षण का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। पुलिस बल ने अनुशासन और तत्परता के साथ अपना कौशल प्रदर्शित किया।




