गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

पाक आतंकियों की घुसपैठ को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर अलर्ट

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। नेपाल के माध्यम से बिहार में तीन पाकिस्तानी आतंकियों की अवैध घुसपैठ के इनपुट मिलने के बाद समूचे भारत-नेपाल सीमा पर कार्यरत सुरक्षा एजेसियों को हाई अलर्ट मोड पर कर दिया गया है। इसके अन्तर्गत उत्तर प्रदेश-नेपाल सीमा की सतत निगरानी में लगे एसएसबी जवान भी बेहद गम्भीरता से सीमा की चौकसी में लग गये हैं। नेपाल से हर आने-जाने वाले लोगों और दो पहिया, चार पहिया वाहनों की गहन जांच के बाद ही आवाजाही की अनुमति दी जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्र से सटे गावों से होकर नोमेंस लैण्ड की ओर जाने वाली पगडंडियों पर एसएसबी की निगरानी सख्त कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि बिहार की तर्ज पर पाक आतंकी नेपाल सीमा के रास्ते यूपी में भी घुस कर किसी नापाक साजिश को अंजाम दे सकते हैं। गौरतलब है कि बिहार राज्य पुलिस के हवाले से बताया गया है कि रावलपिण्डी के हसनैन अली, उमरकोट के आदिल हुसैन और बहावलपुर के मोहम्मद उस्मान नेपाली सीमा से बिहार में दाखिल हुए हैं। ऐसे में यूपी की सुरक्षा एजेंसियों का सोचना है कि पाक के टेररिस्ट ग्रुप यूपी को भी घुसपैठ का माध्यम बना कर देश में किसी नापाक हरकत को अंजाम दे सकते है। उल्लेखनीय है कि पूर्व से ही उत्तराखण्ड, बिहार की अपेक्षा उत्तर प्रदेश-नेपाल सीमा काफी सम्वेदनशील रहा है। यूपी बॉर्डर के सिद्धार्थनगर (बढनी क्षेत्र) से सिख आतंकी भाग सिंह, अजमेर से पकड़े जा चुके हैं। इसके अलावा पाक समर्थित आतंकी संगठनों के याकूब मेनन, महराजगंज (बॉर्डर) से अब्दुल करीम टुण्डा ( बनबसा बॉर्डर) जैसे खूंखार आतंकी यूपी बॉर्डर पर ही पकड़े गये हैं। दाऊद गिरोह के कई सदस्य मसलन परवेज टांडा, राशिद पहलवान जैसे लोग इसी बार्डर पर इस पार या उस पर मारे जा चुके हैं। बबलू श्रीवास्तव जैसा अन्तर्राष्ट्रीय गैंगेस्टर सिद्धार्थनगर के बढनी से सटे कृष्णानगर (नेपाल) में अपना अड्डा तक बना चुके है। आईएसआई का नेटवर्किंग चलाने वाले नेपाल स्थित पाक दूतावास के थर्ड सेक्रेटरी अरशद चीमा के सम्बन्ध कृष्णानगर तक बताया जाता था। सूत्र तो यहां तक बताते हैं कि मुम्बई में सीरियल हमला कर देश को दहलाने वाला अजमल कसाब भी नेपाल जा चुका है। इस लिहाज से यूपी-नेपाल बॉर्डर अन्य राज्यों से सटी नेपाल की सीमाओं से अधिक सम्वेदनशील मानी जाती है। ऐसे में नेपाल के माध्यम से तीन आतंकियों के घुसपैठ की खबर के बाद सीमा पर एलर्ट करना वक्त की जरूरत है। इस सम्बन्ध में सीओ पवीन प्रकाश ने बताया कि आतंकी घुसपैठ की आशंका को देखते हुए एसएसबी व पुलिस की संयुक्त टीम पगडंडियों व मुख्य मार्ग पर जांच अभियान तेज कर दिया है। उन्होंने कहा कि बिना आधार कार्ड व पहचान पत्र दिखाएं किसी को भी आने-जाने नहीं दिया जा रहा है। धनौरा एसएसबी चेक पोस्ट निरीक्षक दीपक त्रिपाठी ने कहा कि आतंकी गतिविधियों की रोकथाम के लिए पगडंडियों के रास्ते आने-जाने वाले बाइक सवार को रोककर तलाशी ली जा रही है। नेपाल सीमा से सटे सभी गांव के नागरिकों को संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर तत्काल पुलिस व एसएसबी को सूचित करने को कहा गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!