मेहनत बेकार नहीं जाती: नीरज कुमार अग्रवाल

सिद्धार्थनगर। प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान व खानकाह दारूल उलूम फैजुर्रसूल बरांव शरीफ़ सिद्धार्थ नगर में ज़िला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नीरज कुमार अग्रवाल के आगमन पर तालीमी बेदारी प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीर मुफ़्ती मुहम्मद आसिफ़ अल्वी अजहरी नायब सज्जादा नशीन खानकाह फैजुर्रसूल व प्रबंधक ने तथा क़यादत अल्लामा अली हसन अल्वी अजहरी प्रधानाचार्य द्वारा की गई। संचालन मौलाना इश्तियाक अहमद क़ादरी, मौलाना क़मर आरिफ अजहरी ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यार्थियों ने कुरआन पाक की तिलावत और नात शरीफ पेश कर माहौल को रूहानी बना दिया। विद्यार्थियों ने इंग्लिश और अरबी भाषाओं में भाषण प्रस्तुत कर प्रदेश सरकार की शैक्षिक योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि इन योजनाओं से शिक्षा का स्तर बेहतर हो रहा है।श तथा आधुनिक विषयों और भाषाओं का ज्ञान उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाने में मददगार है। मुख्य अतिथि नीरज कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान केवल शिक्षा ही नहीं बल्कि तहज़ीब व संस्कार के भी केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास जगाते हैं और उनके भविष्य को संवारते हैं। मेहनत और लगन से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी अपने जीवन में हर मंज़िल हासिल कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि समय का सही उपयोग, नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास सफलता की कुंजी है। हमारी प्राथमिकता यह है कि मदरसों के छात्र भी आधुनिक शिक्षा से जुड़ें और अच्छी शिक्षा प्राप्त कर देश की तरक्की में अहम भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि आज का समय संतुलित शिक्षा का है, जहाँ धार्मिक ज्ञान के साथ विज्ञान, गणित, कंप्यूटर और अन्य विषयों की समझ भी विद्यार्थियों को नई ऊँचाइयाँ देती है। कार्यक्रम में दारुल उलूम फैजुर्रसूल के प्रिंसिपल अल्लामा अली हसन अल्वी ने संस्थान के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यहां से निकले विद्यार्थी आज विश्व प्रसिद्ध शिक्षण संस्थानों में अपना परचम लहरा रहे हैं। इस अवसर पर मुफ्ती शहाबुद्दीन नूरी, मुफ्ती नूरानी शाह बदरी, मौलाना अख्तर रज़ा अजहरी, मुफ्ती मोइनुद्दीन अजहरी, मौलाना अकील अहमद अजहरी मौलाना मोइन अख़्तर जिलानी, मौलाना नूरुद्दीन अजहरी, मौलाना मसूद रज़ा अशरफी, कारी जाहिद अली यार अल्वी कारी गयासुद्दीन मौलाना इज़हार फैजी मौलाना आफताब उस्मानी कारी अतीक फैजी मौलाना हसन अल्वी सैयद अकील अहमद मौलाना अब्दुर्रसूल सुब्हानी मौलाना सुहेल रज़ा हाफिज अब्दुल कादिर आदि उपस्थित रहे।




