एक बोरा ही सही, लेकिन किसानों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

भनवापुर/सिद्धार्थनगर। काफी दिनों से यूरिया खाद के अभाव से परेशान किसानों के चेहरों पर आखिरकार मुस्कान लौट आई। क्षेत्र के राजेन्द्र प्रसाद खाद भंडार, मन्नीजोत में शनिवार को तहसील प्रशासन की देखरेख में 99 बोरी यूरिया खाद का वितरण किया गया। इस दौरान विशेषकर धनोहरी न्याय पंचायत के किसानों को राहत मिली। किसानों ने कहा कि समय पर खाद नहीं मिलने से उनकी फसलें सूखने की कगार पर थीं, लेकिन प्रशासन की इस पहल से अब उन्हें उम्मीद बंधी है। प्रशासन ने पहले से ही एक मानक तय किया था कि एक खतौनी पर मात्र एक बोरी यूरिया खाद ही दी जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य यह था कि सभी किसानों तक खाद की आपूर्ति समान रूप से पहुँच सके और कोई भी किसान वंचित न रहे। वितरण की पूरी प्रक्रिया तहसील डुमरियागंज से सौरभ सिंह, राजेश मणि तथा कृषि विभाग से रोहित कुमार की मौजूदगी में पारदर्शिता के साथ सम्पन्न हुई। वितरण स्थल पर सुबह से ही किसानों की लंबी कतारें लगी रहीं। हालांकि हर किसान को मात्र एक बोरी ही मिल सकी, लेकिन इससे किसानों में संतोष का भाव देखने को मिला। कई किसानों ने कहा कि एक बोरी ही सही, लेकिन यह उनके लिए संजीवनी से कम नहीं है, क्योंकि बिना खाद के उनकी मेहनत और फसल दोनों पर पानी फिर रहा था। इस मौके पर किसानों ने तहसील प्रशासन से उम्मीद जताई कि भविष्य में भी समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं अधिकारियों का कहना था कि सरकार और प्रशासन किसानों की जरूरतों को लेकर पूरी तरह गंभीर है और किसी भी हालत में किसानों को निराश नहीं किया जाएगा।



