सिद्धार्थनगर में खाद संकट, किसान बेहाल – डॉ0 अमित शर्मा

सिद्धार्थनगर। जिले में खाद संकट ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। यूरिया और डीएपी जैसी आवश्यक खाद सहकारी समितियों व सरकारी वितरण केन्द्रों पर उपलब्ध नहीं है। किसान सुबह से कतारों में खड़े रहते हैं, लेकिन निराश होकर लौटते हैं। मजबूरी में उन्हें खुले बाजार से महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है, जिससे खेती की लागत कई गुना बढ़ गई है। प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग समाजवादी पार्टी एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ0 अमित शर्मा ने कहा कि यह स्थिति किसानों के साथ अन्याय है। भाजपा सरकार किसानों की पूरी तरह अनदेखी कर रही है। बड़े-बड़े वादों और नारों के बीच हकीकत यह है कि किसान को खाद, बिजली और सिंचाई जैसी मूलभूत जरूरतें भी समय पर नहीं मिल रही हैं। डॉ0 अमित शर्मा ने कहा कि सिद्धार्थनगर जैसे पिछड़े जिले में यदि खाद की आपूर्ति समय पर नहीं हुई तो फसल उत्पादन पर गम्भीर असर पड़ेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति और खराब हो जायेगी। समाजवादी पार्टी मांग करती है कि प्रदेश सरकार तत्काल खाद की आपूर्ति सुनिश्चित करें, वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनायें और जमाखोरों पर सख्त कार्रवाई करें। समाजवादी पार्टी किसानों की आवाज हमेशा उठाती रही है और आगे भी उनके हक की लड़ाई लड़ती रहेगी।



