कुआँनो नदी में किशोर की डूबने से मौत, गोताखोरों ने बाहर निकाला शव

भवानीगंज/सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर के भवानीगंज थाना क्षेत्र के कुआँनो नदी के भालूकोनी घाट पर बुधवार को एक दुखद घटना घटी। अपने साथियों के साथ नहाने गये 15 वर्षीय किशोर की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के चंदोखा गांव निवासी सुमित पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सुमित अपने गांव के कुछ साथियों के साथ कुआँनो नदी के भालूकोनी घाट पर नहाने गया था। बुधवार शाम नदी में नहाते समय वह डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही आस-पास के लोगों में हड़कम्प मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गये। स्थानीय लोगों ने इस घटना की जानकारी भवानीगंज पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से नदी से कुछ दूरी पर किशोर के शव को बाहर निकाला गया। थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा ने बताया कि घटना के बाद किशोर के परिजन उसे इलाज के लिए बस्ती ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई।




