सड़क बनी दलदल, दिखावे के लिए हुआ काम, बुजुर्ग फंस रहे व गिर रहे हैं बच्चे

बांसी/सिद्धार्थनगर। एक तरफ योगी सरकार सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का निर्देश जारी कर जनता को लाभ देने का प्रयास कर रही है तो वहीं जिम्मेदार उनके आदेश का पालन करते नहीं दिखाई दे रहे हैं। जिसको लेकर नगर पालिका परिषद बांसी के जिम्मेदारों द्वारा लापरवाही एक बार फिर सामने आयीं है। बांसी नगर पालिका के 25 वार्डों की सड़कों की माली हालत बद से बदतर है। नगर पालिका की अध्यक्ष चमन आरा राईनी व अधिशासी अधिकारी जनता से सिर्फ झूठा आश्वाशन देकर चले जाते हैं नगर पालिका के आजाद नगर मोहल्ले के पावर हाउस के बगल जाने वाली सड़क को कर्मचारियों ने बिना किसी योजना के पूरानी सड़क उखाड़ डाली। जब मोहल्लेवासियों ने बरसात के मौसम में चलने में दिक्कत को लेकर शिकायत की तो नपा के कर्मचारियों ने मिट्टी से पाट दिया। नतीजा ये हुआ कि सड़क दलदल में तब्दील हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क पहले से ठीक थी, फिर भी बिना सूचना मिट्टी डाल दी गई। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सड़क को उखड़ने से पहले न तो कोई सूचना दी गई और न ही वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था की गई। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी को आवागमन में दिक्कत हो रही है। लोगों ने कहा कि यह काम नगरपालिका की कार्यशैली पर गम्भीर सवाल खड़े करता है। नागरिकों में यह भी चर्चा है कि कहीं यह महज दिखावे का काम तो नहीं, ताकि मिट्टी डालने की फोटो खींची जायें और कागजों पर फर्जी भुगतान निकाला जा सकें। सवाल उठ रहा है कि जब सड़क पहले से चलने लायक थी तो उसमें छेड़छाड़ क्यों की गई? कीचड़ के कारण स्कूली छात्र-छात्राएं गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बुजुर्गों का निकलना मुश्किल हो गया है। मोहल्ले के लोग अब जिले के जिम्मेदार अधिकारी जिलाधिकारी डा0 राजा गणपति आर0 और बांसी उप जिलाधिकारी शशांक शेखर राय से नगरवासियों ने कई बार शिकायत की गुहार लगा रहे हैं कि इस अव्यवस्था को सुधारा जायें और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जायें। जिसके क्रम में बांसी उप जिलाधिकारी शशांक शेखर राय ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति के बारें में जानकारी ली और सही करने का जिम्मेदारों को निर्देश दिया।




