सनातन धर्म की रक्षा के लिए लोगों को किया जागरूक

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत बढ़नीचाफा के चेयरमैन धर्मराज वर्मा बुधवार को देईपार स्थित प्राचीन शिव मंदिर बाबा महेश्वरनाथ व चकचई स्थित श्री हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया और इसके बाद मंदिर परिसर में आयोजित बैठक को संबोधित किया। चेयरमैन धर्मराज वर्मा ने पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह के आवाहन पर लोगों को कर्मयोगी परिवार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया और बताया कि कर्म योगी परिवार सांस्कृतिक, धार्मिक, राष्ट्र व राष्ट्रीयता से जुड़े अभियान के तहत लोगों को जागृत करने का काम करता हैं। कर्म योगी परिवार का उद्देश्य समाज में संस्कार, सेवा व राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त करना है। पूर्व विधायक द्वारा यह पहल युवाओं को कर्म, सेवा और राष्ट्रनिर्माण की दिशा में प्रेरित करने के लिए की गई है। बैठक के दौरान चेयरमैन ने सनातन धर्म, जातिवाद और सामाजिक कुरीतियों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सनातन धर्म पर अनेक प्रकार से हमले हो रहे हैं और धर्मांतरण की गतिविधियां समाज को तोड़ने का कार्य कर रही हैं। ऐसे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सजग रहने की आवश्यकता है। चेयरमैन ने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा सिर्फ साधु-संतों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर हिंदू अभिभावक को चाहिए कि वह अपने बच्चों को न केवल आधुनिक शिक्षा दे, बल्कि उन्हें धर्म और संस्कारों का भी ज्ञान कराए। उन्होंने संतों और जागरूक नागरिकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में धार्मिक चेतना जागृत करने वाले सभी लोग प्रशंसा के पात्र हैं। उन्होंने बताया छांगुर जैसे कथित व्यक्तियों और ईसाई मिशनरियों द्वारा प्रार्थना सभा के नाम पर गरीब लोगों का धर्मांतरण कराने का प्रयास किया जा रहा है, यह लोग हिन्दू समाज को भीतर से खोखला कर रहे हैं, तो दूसरी ओर बाहरी प्रभावों द्वारा धर्मांतरण का जाल फैलाया जा रहा है। चेयरमैन ने अंत में हिंदू समाज से आह्वान किया कि वह एकजुट होकर धर्म की रक्षा और सामाजिक बुराइयों को मिटाने के लिए आगे आए। इस दौरान अजय चौधरी, विनोद चौधरी, जुग्गीलाल पासवान, लवकुश गुप्ता, रामचंद्र यादव, जनकराम गौंड, अशोक वर्मा, विनोद चौधरी, नरसिंह यादव, मनीष जायसवाल, अतुल भट्ट, विशाल कौशल, प्रमोद गौतम, गुलाबचंद यादव, कमलेश कुमार, रमेश मौर्या, विशाल मौर्या, बब्लू चौधरी आदि मौजूद रहे।




