डुमरियागंज-ढेबरुआ मार्ग पर स्थित राप्ती पुल में गम्भीर तकनीकी के बाद प्रशासन ने उठाया बड़ा कदम

सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज-ढेबरुआ मार्ग पर स्थित राप्ती पुल में गम्भीर तकनीकी खामियों की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जनसुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने भारी वाहनों के प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से पूर्ण प्रतिबन्ध लगाने के आदेश जारी किये हैं। यह निर्णय तब लिया गया, जब एक प्रमुख समाचार पत्र में राप्ती पुल की संरचनात्मक कमजोरी से जुड़ी खबर प्रकाशित हुई। जिलाधिकारी ने खबर को गम्भीरता से संज्ञान में लेते हुए सम्बन्धित अभियन्ताओं व विभागीय अधिकारियों से तत्काल रिपोर्ट तलब की और सुरक्षा की दृष्टि से एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिये। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जब तक पुल की पूरी तकनीकी जांच नहीं हो जाती और उसे सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता, तब तक भारी वाहनों की आवाजाही पूर्णतः प्रतिबन्धित रहेगी। आमजन से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन कर सहयोग करें।




