बढ़नी ब्लॉक के सेमरहना गांव के पंचायत भवन व जिम पार्क पर लटका रहता है ताला, ग्रामीणों में आक्रोश

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर के विकास खण्ड बढ़नी अन्तर्गत ग्राम पंचायत सेमरहवा में बना पंचायत भवन और जिम पार्क पर सुबह शाम ताला लटके रहने से वह ग्रामीणों के किसी काम नहीं आ रहा है। उक्त भवन और जिम पार्क पूरी तरह से निष्प्रयोज्य से तो है ही, सरकारी मंशा पर भी पानी फिर रहा है। बढ़नी क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेमरहवा में सरकार के मंशानुरूप पंचायत भवन व्यवस्थित रूप से बनाया गया है और उसी परिसर में जिम भी बनाया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त भवन के गेट पर हमेशा ताला लगा होता है, तो युवा व बच्चे जिम का उपयोग कर ही नहीं पाते हैं। गांव के ही रूपराज, गोलू, रामअचल और सूफियान आदि ने दबी जुबान में बताया कि इन सरकारी भवनों का इस्तेमाल सिर्फ तभी होता है, जब कोई बड़ा अधिकारी यहां निरीक्षण के लिए आता है, बाकी समय ये बन्द ही पड़ा रहता है। अन्य लोगों ने बताया कि उक्त भवन और जिम पार्क केवल शो पीस सरीखा है, जब सरकार ने किशोरों आदि के लिए जिम पार्क बनाया तो कम से कम उसे सुबह शाम तो खोल देना चाहिए। कतिपय ग्रामीणों ने यह भी कहा कि शरारती बच्चे बाउण्ड्री कूद कर जिम पार्क में घुस जाते हैं और उपकरणों के साथ छेड़छाड़ भी करते हैं, यदि इसे खोल दिया जायेगा तो कुछ दिन में सब तहस नहस भी हो सकता है। जिम पार्क एवं सचिवालय न खोले जाने के सम्बन्ध में खण्ड विकास अधिकारी अनिशि मणि पाण्डेय ने कहा कि अगर पंचायत सहायक व सचिव के लापरवाही की यह शिकायत सही पाई जाती है तो जांचोपरांत उचित कार्यवाही की जायेगी।




