बाइक दुर्घटना में घायल युवक की मौतः सिद्धार्थनगर में दो मोटरसाइकिलों की हुई थी टक्कर, इलाज के दौरान दम तोड़ा

चिल्हियां/सिद्धार्थनगर। जिले के चिल्हियां थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान चिल्हियां कस्बे के निवासी इम्तियाज पुत्र बहराइची के रूप में हुई है। यह दुर्घटना चिल्हियां कस्बे में स्थित एक बैंक के पास हुई थी, जब दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के तुरन्त बाद मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने गम्भीर रूप से घायल इम्तियाज को तत्काल मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज शुरू हुआ। हालांकि तमाम कोशिशों के बावजूद शनिवार की देर रात लगभग दो बजे इम्तियाज ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। परिजनों के साथ-साथ गांव वाले भी गहरे दुख में डूब गये। ग्रामीणों ने इम्तियाज को एक शान्त, व्यवहारकुशल और मिलनसार युवक के रूप में याद किया। इस सम्बन्ध में चिल्हियां थानाध्यक्ष चिल्हियां रामदेव ने बताया कि अभी तक इस हादसे को लेकर थाने में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि मेडिकल कॉलेज प्रशासन से सूचना मिलते ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।



