तेज रफ्तार कार ने लिया 65 वर्षीय महिला की जान, कार चालक फरार

सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर के खमरिया बुजुर्ग गांव में बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 65 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। आपको बता दें कि मुख्यालय के पावर हाउस के पास एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गई। बुधवार दोपहर करीब 12रू30 बजे हुए इस हादसे के वक्त 65 बर्षीय ठिकना देवी, जो खमरिया बुजुर्ग गांव की निवासी थीं, किसी काम से लौटकर पैदल अपने घर जा रही थीं। जैसे ही वह सड़क पार कर रही थी कि एक अनियंत्रित बेकाबू तेज रफ्तार कार ने उन्हें रौंद दिया। सड़क हादसे में कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ठिकना देवी सड़क पर गिर पड़ीं और उन्हें गम्भीर चोटें आई। सड़क हादसे के बाद कार चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। आस-पास मौजूद ग्रामीणों ने तुरन्त घायल महिला को उठाया और मानवीयता का परिचय देते हुए उन्हें जल्द माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हर सम्भव प्रयास किया, लेकिन दोपहर करीब 3रू00 बजे इलाज के दौरान ठिकना देवी ने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना से खमरिया बुजुर्ग गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार कार चालक की तलाश में जुट गई है। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सकें।



