धार्मिक स्थल के पास फेंका जा रहा कचरा, ₹33 का एमआरएफ सेन्टर बना मज़ाक

इटवा/सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत इटवा के बढ़नी रोड स्थित मदरसे के बगल में तथा डुमरियागंज रोड पर कमदा मदरसे के सामने सड़क किनारे खुलेआम कचरा फेंका जा रहा है। यह केवल सामान्य कचरा नहीं, बल्कि एक्सपायर्ड दवाओं का अम्बार भी उसी कचरे में डाला जा रहा है और कई बार उसे जला दिया जाता है, जिससे गम्भीर स्वास्थ्य व पर्यावरणीय खतरा उत्पन्न हो रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि नगर पंचायत इटवा में कचरा प्रबन्धन के लिए लगभग ₹33 लाख की लागत से एक एमआरएफ (मटीरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेन्टर बनाया गया है, जिसका उद्देश्य ही कचरे के सुरक्षित निस्तारण को सुनिश्चित करना था। इसके बावजूद धार्मिक स्थलों के पास कचरा फेंकना और उसमें जहरीली दवाओं का मिलना, कहीं न कहीं व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। यह न केवल स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है, बल्कि धार्मिक भावना को भी आहत करता है। स्थानीय लोगों में इस मुद्दे को लेकर नाराज़गी है और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की जा रही है। प्रशासन और सम्बन्धित विभाग से अपील है कि इस गम्भीर लापरवाही की जांचकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जायें।



