भूजल सप्ताह के तहत कम्पोजिट विद्यालय लेदवा में बच्चों व शिक्षकों ने जल सुरक्षा का लिया संकल्प व शपथ

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। विकास खण्ड के कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय लेदवा व प्राथमिक विद्यालय महथा सहित क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में भूजल सप्ताह के तहत कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें शिक्षकों का बच्चों ने भूजल संरक्षण हेतु संकल्प व शपथ लिया। कम्पोजिट विद्यालय लेदवा के शिक्षक व पूर्व एआरपी एमएस खान ने मुख्य विचार बिन्दु जल सुरक्षित तो कल सुरक्षित पर बच्चों के बीच जानकारी साझा किया। उन्होंने कहा कि भूजल सप्ताह 16 से 22 जुलाई के मध्य तक भूजल जागरूकता के उद्देश्य से भूजल सप्ताह का आयोजन किया गया है। भूजल के अत्यधिक उपयोग को कम करने, इसे प्रदूषित होने से बचाने, इसे बर्बाद न करने की बात कही। भूजल संरक्षण के लिए, व्यक्तिगत और सामूहिक दोनों स्तरों पर प्रयास करने की आवश्यकता है। भूजल की उपयोगिता पीने, सिंचाई करने व अन्य कार्यों सहित पारिस्थितिक तंत्र के लिए भी महत्वपूर्ण है। हमारे पास भविष्य में भी पर्याप्त पानी उपलब्ध हो, ऐसे सकारात्मक प्रयास की जरूरत है। भूजल संरक्षण में गिरावट से जल सुरक्षा को खतरा है। जल संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान में सभी जनमानस की सहभागिता जरूरी है। बच्चों व शिक्षकों ने भूजल सप्ताह के तहत भूजल संरक्षण हेतु संकल्प, शपथ लिया। प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्य योजना के तहत संकल्प, वृक्षारोपण, भूजल संरक्षण आधारित चर्चा, निबन्ध प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन प्रतियोगिता, जल संरक्षण पर कला प्रतियोगिता, भूजल एवं इसके महत्व पर चर्चा आगामी दिनों में भी की जायेगी। इस दौरान मुस्तन शेरुल्लाह, अमरेश कुमार, राकेश कुमार राज, पवन चौरसिया, राकेश जायसवाल, मनमोहन, सिद्धार्थ, रेनू मद्धेशिया, प्रीती मिश्रा, निधि सिंह, संजय कुमार, मोहन, सरिता देवी आदि लोग मौजूद रहे।




