धार्मिक स्थल का स्वरूप बदलने वालों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पूर्व विधायक ने लिखा पत्र

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। तहसील क्षेत्र के ग्राम चौखड़ा में धार्मिक समाधि स्थल की सुरक्षा, स्वच्छता व धार्मिक मर्यादा बनाए रखने और धार्मिक स्थल की धार्मिक स्वरूप बदलने वालों के सख्त खिलाफ कार्रवाई को लेकर पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने उपजिलाधिकारी को पत्र भेजकर विधिक कार्रवाई की बात कहीं हैं। पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने उपजिलाधिकारी डुमरियागंज की पत्र भेजकर बताया कि इटवा थाना क्षेत्र के ग्राम चौखड़ा में राजकीय महाविद्यालय के निकट स्थित बाबा फागुप्रसाद जी की समाधि एक आस्था और श्रद्धा का पवित्र केंद्र है। वर्तमान में उस समाधि स्थल पर कुछ मौलानाओं द्वारा हर वृहस्पतिवार को भारी संख्या में लोगों को एकत्र कर दुआ, भभूत व चमत्कार के नाम पर लोगों को भ्रमित कर धार्मिक अंधविश्वास फैलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मिली जानकारी के अनुसार इन गतिविधियों में 60 से 70 प्रतिशत तक हिंदू समाज की महिलाएं व लड़कियां शामिल हो रही हैं, जिन्हें गुमराह कर उस पवित्र स्थल का धार्मिक स्वरूप बदलने की कोशिश की जा रही है। इससे क्षेत्र में सामाजिक और धार्मिक तनाव उत्पन्न हो गया है और यह गंभीर चर्चा का विषय बन चुका है। यह स्थिति न केवल स्थानीय जनमानस की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा रही है, बल्कि क्षेत्रीय शांति व व्यवस्था के लिए भी खतरा उत्पन्न कर रही है। उन्होंने उपजिलाधिकारी से मामले को संज्ञान में लेकर इन गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से बंद कराए जाने और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाने तथा समाधि स्थल की सुरक्षा स्वच्छता व धार्मिक मर्यादा सुनिश्चित किए जाने की बात कही हैं, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हो।




