विद्यालयों के युग्मन से शिक्षा में होगा गुणात्मक सुधार – रामू प्रसाद

सिद्धार्थनगर। ब्लॉक संसाधन केन्द्र बर्डपुर के सभागार में खण्ड शिक्षा अधिकारी रामू प्रसाद द्वारा कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं संगठना के पदाधिकारियों की बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें उन्होंने कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों को निकट के विद्यालयों में युग्मन (मर्ज) के बारें में विस्तृत रूप से जानकारी दी। खण्ड शिक्षा अधिकारी रामू प्रसाद ने युग्मन (मर्ज) को छात्र एवं शिक्षा हित में बेहतर बताया। वहीं संगठन के पदाधिकारियों ने इससे बच्चों को शिक्षा से वंचित करने और उनके मौलिक अधिकारों का हनन बताया। खण्ड शिक्षा अधिकारी रामू प्रसाद ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि शासन द्वारा 50 से कम छात्र संख्या वाले क्षेत्र के 39 विद्यालयों को निकट के सुगम मार्ग पर स्थित विद्यालयों में युग्मन किये जाने का निर्देश है। उन्होंने युग्मन से छात्र और शिक्षा हित में होने वाले फायदे को बताया। उन्होंने कहा कि इससे विद्यालय को जहां पर्याप्त अध्यापक मिल जायेंगे, वहीं बच्चों की संख्या अधिक होने के कारण उन्हें अच्छी शिक्षा मिलेगी तथा बच्चों ने सुरक्षा का एहसास भी होगा। वहीं अध्यापकों को भी पढ़ाने में मन लगेगा। क्षेत्र के 50 से कम छात्र संख्या वाले 39 विद्यालयों के मर्ज होने पर आस-पास के विद्यालयों की दूरी और भौतिक स्थिति की समीक्षा की गई तथा 40 से ऊपर छात्र संख्या वाले युग्मन की सूची में आये विद्यालयों को युग्मन से बचने के लिए छात्र संख्या बढ़ाकर 50 से ऊपर किये जाने का सुझाव दिया। विद्यालयों के युग्मन के समीक्षा के दौरान पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री कलीमुल्लाह ने कहा कि विद्यालयों में अध्यापकों की कमी की वजह से छात्र नामांकन पर प्रभाव पड़ता है। यदि कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों को अन्यत्र विद्यालयों में मर्ज किया गया, तो गांव गरीब के बच्चे घर से विद्यालय दूर होने के कारण शिक्षा से वंचित हो जायेंगे। सरकार को चाहिए कि युग्मन के बजाए प्रत्येक विद्यालय में वह शिक्षकों की नियुक्ति करें और बिना मान्यता के क्षेत्र में चल रहे विद्यालयों को सख्ती से बन्द करायें। प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार मिश्र ने युग्मन को अव्यवहारिक बताया। युग्मन के बाद गांव से विद्यालय दूर होने की वजह से विशेषकर बालिकाएं शिक्षा से वंचित रह जायेंगी। खण्ड शिक्षा अधिकारी रामू प्रसाद ने सभी को विद्यालय में समय से उपस्थित रहकर विभागीय कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं अनुपस्थित शिक्षकों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करने की चेतावनी दी। बैठक के दौरान ब्लॉक समन्वयक गुणवत्ता आशीष सिंह, एमआईएस प्रभारी दुर्गेश आजाद, अब्दुल अजीज, वन्दना सिंह, राम सेवक, साधू शरण चौहान, बलवन्त चौधरी, सुधा, सरिता, मीनाक्षी, संजय कुमार, प्रवीण उपाध्याय, पंकज यादव, अभिषेक यादव ज़ुबैर अहमद उस्मानी, सालिक राम चौधरी आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे



