पीलीभीत एक्सप्रेस चलने से खुशी की लहर

सिद्धार्थनगर। एक सप्ताह से स्थगित चल रही पीलीभीत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन आज से शुरू है। इससे लखनऊ इलाज करवाने जाने वाले यात्रियों को सहूलियत मिलेगी। वहीं 10 मई से अन्य ट्रेनों का भी संचालन शुरू हो जाएगा। लखनऊ, सीतापुर, मैलानी सहित पीलीभीत तक जाने वाले यात्रियों को ट्रेन से यात्रा करने में सहूलियत मिलती है। वहीं इस ट्रेन की मदद से लखनऊ स्थित लोहिया, केजीएमसी, मेडिकल कॉलेज सहित अन्य अस्पताल में इलाज करवाने जाने वाले मरीजों को भी सुविधा मिलती है। एक सप्ताह से ट्रेन का संचालन ठप होने से यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन सोमवार से एक बार फिर ट्रेन का संचालन शुरू होने से यात्रियों व मरीजों को सहूलियत मिलने लगेगी। लखनऊ इलाज करवाने जाने वाले नंदलाल यादव ने बताया कि रात में संचालित होने वाली पीलीभीत एक्सप्रेस ट्रेन लखनऊ में जाने वाले यात्रियों व मरीजों के लिए सबसे अधिक सुविधाजनक ट्रेन है। इस ट्रेन का संचालन ठप होने से यात्रियों को असुविधा हो रही थी, लेकिन इसका संचालन शुरू होने से यात्रियों को सहूलियत मिलेगी। रेलवे पीआरओ महेश गुप्ता ने बताया कि ब्लॉकिंग कार्य के लिए ट्रेन का संचालन निर्धारित समय के लिए ठप किया गया था। अब वह अपने निर्धारित समयानुसार संचालित की जाएगी।




