जानवरों के मरने का सिलसिला जारी, बेमौत मर रहे जानवर, कोई नहीं पूछ रहा हाल

बहराइच। बीते दिनों विशेश्वरगंज ब्लॉक अंतर्गत ग्राम शिवपुर बैरागी स्थित गौशाला में जानवरों की दुर्दशा को लेकर खबर प्रकाशित की गई। जिसको लेकर जिले से अधिकारियों की टीम जांच करने के लिए गौशाला पहुंची और वहां की स्थिति को देखकर तुरंत ही चारा पानी की व्यवस्था करवाई गई लेकिन जाने के बाद फिर वही स्थिति बन गई जो पहले थी। मिली जानकारी अनुसार इस भीषण गर्मी के मौसम में गौशालाओं में तिल तिलकर मर रहे जानवर पर बाहर से हमला करने वाले जानवर भारी पड़ रहे हैं। जिसमे छोटे जानवर जो मौत के कगार पर पहुंच गए हैं और केवल उनकी सांसें चल रही है उन पर बाहरी जानवर ने हमला करके आंख निकाल लिया और कान भी खा गए। छोटे छोटे जानवर पर गौशाला में फैली अव्यवस्था भारी पड़ने के साथ उनको असमय मौत के आगोश में ले जा रही है। बीमार पड़े जानवरों की अच्छी तरीके से चिकित्सा भी नहीं की जा रही है तथा उनके बैठने की भी व्यवस्था मुकम्मल तौर पर नजर नहीं आ रही है। ग्राम पंचायत सचिव और प्रधान के द्वारा भी अच्छी व्यवस्था नहीं की जा रही है और अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए नजर आ रहे हैं जिससे जानवरों की स्थिति बद से बदतर हो गई है। इस तरह से गौशाला की व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश फैल रहा है और जानवरों का कोई भी इंतजाम सही तरीके से नहीं किया जा रहा है। प्रशासनिक अमला आया और देखकर चला गया फिर पहले वाली सिचुएशन आ गई। अब देखना यह है कि जानवरों के मरने का सिलसिला कब तक चलता रहेगा।




