सिपाही पर लगा 15 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप

चिल्हियां/सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर के चिल्हियां थाना में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पीड़ित परिवार के साथ कथित तौर पर पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार किया गया। अरमान और कल्लू नाम के दो युवकों के बीच विवाद के बाद मामला थाने पहुंचा, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने पीड़ित पक्ष को ही नजरबन्द कर दिया। वहीं पीड़ित मां का कहना है कि उनके बच्चों को निर्दाेष होने के बावजूद थाने में बन्द कर दिया गया। जब वह थाने पहुंची और सिपाही आलोक यादव से मिलीं, तो उन्होंने कथित तौर पर 15,000 रुपये की मांग की। मां का आरोप है कि सिपाही ने कहा कि पैसे दिये बिना उनके बच्चों को जेल भेज दिया जायेगा। महिला ने मीडिया के सामने अपना दर्द बयां किया और बताया कि कैसे पुलिस ने उनके साथ अन्याय किया। उनका कहना है कि ऐसे भ्रष्टाचारी सिपाहियों पर तत्काल जांच कराकर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इस मामले में पुलिस विभाग पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। वहीं लोगों की मांग है कि इस मामले की जांच हो और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायें। यह घटना सिद्धार्थनगर के चिल्हियां थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं। अब तक इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। देखना होगा कि पुलिस विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और आरोपों की जांच कैसे की जाती है। यह मामला पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। लोगों को उम्मीद है कि इस मामले में न्याय होगा और दोषियों को सजा मिलेगी। साथ ही यह भी उम्मीद की जा रही है कि पुलिस विभाग अपनी कार्यशैली में सुधार करेगा और भ्रष्टाचार के मामलों पर कड़ी कार्रवाई करेगा।




