सड़क के उधड़ जाने और गड्ढे हो जाने के कारण ग्रामीणों का आना-जाना हुआ मुश्किल, ग्रामीणों ने की सही कराने की मांग

पयागपुर। पयागपुर इकौना मार्ग से जुड़े हुए सेमरियावां -देवरिया – हसुवापारा संपर्क मार्ग की हालत बहुत ही खराब हो गई है, जगह-जगह से सड़क उधड़ और उजड़ गई है और गड्ढे हो गए हैं, सड़क पर चलना अब खतरे से खाली नहीं है, काफी लोग गाड़ी से गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। आने-जाने वाले ग्रामीणवासियों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है तथा पैदल चलने वालों को भी दुश्वारियां झेलनी पड़ रही है। आपको बताते चले कि यह संपर्क मार्ग सीधे बैनी गांव के बगल से होते हुई शिवदहा पयागपुर सड़क से जुड़ा हुआ है जो कोट मुबारकपुर एकघरवा से होते हुए गिलौला बलरामपुर रोड पर जाकर मिलता है । इस सड़क पर प्रतिदिन हजार राहगीरों का आना-जाना होता है और वाहन भी लगातार चलते रहते हैं। कई मजरों और गांवों को जोड़ने वाला यह संपर्क मार्ग अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है तथा रास्ता भी चलने के योग्य नहीं रह गया है । पयागपुर इकौना मार्ग पर विभिन्न स्कूलों के खुले होने से उसमें पढ़ने वाले आस पास गांव के बच्चे भी साइकिल से आते जाते हैं और उन्हें ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ता हैं। सड़क के उधड़ जाने से सड़क पर अब केवल गिट्टियां ही दिखाई पड़ रही हैं जिस कारण से लोग गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो जा रहे हैं। जन प्रतिनिधि इस रास्ते से होकर गुजरे हैं लेकिन फिर भी उनका ध्यान इस समस्या की तरफ नहीं जा रहा है। ग्रामीण वासियों का कहना है कि सड़क के उधड़ जाने और गड्ढे हो जाने से हम सभी लोगों का आना-जाना बड़ा मुश्किल हो रहा है तथा यदि कोई गंभीर रूप से बीमार पड़ जाए तो खराब सड़क की वजह से उसका अस्पताल पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। ग्रामीण वासियों की मांग है कि इस रास्ते को सही करवाकर चलने योग्य सुगम बनाया जाए।




