होली के दिन अधिक मूल्य लेकर शराब बेचने का वीडियो हुआ वायरल

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र शोहरतगढ़़ के महथा बाजार में होली के दिन देशी शराब के अनुज्ञापी द्वारा बन्धा के पास बाइक पर शराब की पेटी रखकर चोरी छिपे प्रति शीशी पर 20 रुपये अधिक मूल्य लेकर बिक्री की जा रही थी। किसी ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि संवाददाता इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। अनुज्ञापी के मुंशी ने वीडियो बनाने वाले युवक की जमकर धुनाई कर दी। मौके पर 112 पीआरवी के जवान भी पहुंच गयें। वीडियो में पीड़ित युवक आरोपित को गिरफ्तार करने की बात कह रहा है। इंटरनेट मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी होते ही शनिवार को आबकारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार सिंह ने पूछताछ की तो पता चला कि होली के दिन शराब की बिक्री पर प्रतिबन्ध के बावजूद अनुज्ञापी द्वारा नियम का उल्लंघन करते हुए चोरी छिपे अधिक मूल्य पर शराब की बिक्री करते हुए पाया गया है। अनुज्ञापी को जुर्माना भरने की नोटिस दे दी गई है।




