शारदा संगोष्ठी और वार्षिक उत्सव का हुआ आयोजन
छात्रों को मिला पुरस्कार, कार्यक्रम में दी गईं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

जोगिया/सिद्धार्थनगर। उच्च प्राथमिक विद्यालय जोगिया में बच्चों के समग्र विकास और शैक्षिक उन्नति के लिए वार्षिकोत्सव एवं शारदा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रकाश सिंह ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि भावी जीवन मे सफलता हासिल करने के लिए कठोर परिश्रम और लगन से नियमित पढ़ाई करने की जरूरत है।कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है।सपने वो नहीं हैं जो हम सोते हुए देखते हैं, सपने वो हैं जो हमें सोने नहीं देते।सफलता उन्हीं को मिलती है जो हार नहीं मानते।विशिष्ट अतिथि खण्ड शिक्षा अधिकारी कमला प्रसाद ने कहा कि जो व्यक्ति अपने कदमों की काबिलियत पर विश्वास रखता है, वही सफलता की ओर बढ़ता है।इसलिए काम ऐसा करें कि पहचान बन जाए।बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए जिसमें बालिका शिक्षा के महत्व,सोशल मीडिया के अतिशय प्रयोग का दुष्प्रभाव, पर्यावरण संरक्षण, देशभक्ति व टीचर्स मोटिवेशनल थीम पर नाट्य प्रस्तुति दी गई।बच्चों द्वारा स्टॉल लगाकर टीएलएम व विज्ञान प्रदर्शनी तथा लर्निंग बाई डूइंग गतिविधियों का प्रस्तुतिकरण किया गया।खेल प्रतियोगिताओं के तहत बच्चों ने वॉलीवाल, खो-खो,दौड़,कबड्डी आदि में अपनी प्रतिभाएं दिखाईं।वर्ष में सर्वाधिक उपस्थिति और सर्वाधिक प्राप्तांक हासिल करने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर उपस्थित अभिभावकों ने अपने बच्चों के साथ सेल्फी पॉइंट पर यादगार फोटो भी लिए।इस अवसर पर ग्रामप्रधान गौरी प्रसाद,जीजीआईसी प्रवक्ता सरोज यादव, प्रधानाद्यापक रामप्रताप शर्मा, एस आर जी अंशुमान सिंह, ए आर पी अनुपम सिंह, प्रमोद त्रिपाठी, व प्रदीप कुमार पांडेय,शिवकुमार पांडेय,साजदा खातून,रविशंकर विश्वकर्मा, विंदू आदि मौजूद रहे।



