सरकारी जमीन पर कब्जा करने वाले हो जाएं सावधान, अब प्रशासन चलाएगा बुलडोजर

बहराइच। सरकारी जमीन पर कब्जा करने वाले भू माफिया अब सावधान हो जाएं क्योंकि उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी द्वारा जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अगर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किया तो बुलडोजर के सहारे उसको ढहा दिया जाएगा। जिसके लिए जिला अधिकारी बहराइच ने सख़्त रूख अपनाते हुए सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश बहुत पहले से ही दे दिया ह। ऐसा ही एक मामला बहराइच जिले के ग्राम बुलबुल नेवाज गांव में खलिहान की भूमि पर बने मदरसे का आया, जिसे गुरुवार दोपहर में पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में कोर्ट के आदेश पर ध्वस्त कर दिया। संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मिली जानकारी अनुसार नानपारा तहसील के मटेरा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत बुलबुल नेवाज गांव में मदरसा संचालित था। यह मदरसा गांव में खलिहान की जमीन पर 30 वर्ष पूर्व बनाया गया था। खलिहान की जमीन पर बने मदरसे पर कार्रवाई के लिए पुलिस और प्रशासन को पत्र लिखा, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर गुरुवार को नानपारा तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल, थानाध्यक्ष मटेरा के अलावा भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मदरसा पर बुलडोजर की कार्रवाई कर गिरा दिया गया। इस दौरान काफी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। इस मामले में तहसीलदार अंबिका चौधरी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि गांव निवासी रफीक ने लखनऊ हाई कोर्ट में वाद दायर किया था, जिसमें खलिहान की जमीन पर मदरसा बनाए जाने की शिकायत की थी। कोर्ट के आदेश पर मदरसा को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है।



