दंगा नियंत्रण अभ्यास एवं बलवा ड्रिल का पूर्वाभ्यास कर तैयारियों की गयी समीक्षा

बहराइच। आगामी पर्व होली, ईद, रमजान को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने तथा जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक, देवीपाटन परिक्षेत्र, गोण्डा अमित पाठक की अध्यक्षता व पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में रिजर्व पुलिस लाइन्स, बहराइच स्थित परेड ग्राउंड में दंगा नियंत्रण अभ्यास एवं बलवा ड्रिल के पूर्वाभ्यास का आयोजन किया गया । इस दौरान पुलिस बल द्वारा दंगा नियंत्रण उपकरणों जैसे एंटी-राइट गन, टियर गैस गन, रबर बुलेट गन, हैंड ग्रेनेड, मिर्ची बम, वाटर कैनन और लाठी चार्ज आदि के संचालन का पूर्वाभ्यास कराया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया गया कि त्योहारों के चलते सतर्कता, कर्तव्यपरायणता एवं जनता के प्रति संयम और संवेदनशीलता बनाए रखें व भीड़ नियंत्रण, उपद्रव की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी एवं अवांछनीय तत्वों की पहचान संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गये । बलवा ड्रिल के अंतर्गत भीड़ को तितर-बितर करने, आपातकालीन स्थितियों में बल प्रयोग के उचित तरीके एवं साक्ष्य संकलन हेतु फॉरेंसिक टीम की भूमिका आदि का भी पूर्वाभ्यास किया गया । साथ ही संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी आदि पुलिस कार्यवाही को भी ड्रिल के माध्यम से प्रदर्शित किया गया । दंगा नियंत्रण अभ्यास एवं बलवा ड्रिल की तैयारियों की समीक्षा के पश्चात पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण किया गया । इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा आरटीसी बैरक तथा विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्यों व गुणवत्ता की समीक्षा की गयी। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर व ग्रामीण, एडीएम बहराइच, क्षेत्राधिकारीगण, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे।




