25 करोड़ रुपये से बनेगा उसका बाजार में कंपोजिट स्कूल 12वीं तक स्मार्ट क्लास से होगी पढाई

सिद्धार्थनगर/बस्ती। लोक निर्माण विभाग का बस्ती भवन खंड सिद्धार्थनगर के उसका बाजार स्थित माध्यमिक विद्यालय की पांच एकड़ जमीन पर कंपोजिट स्कूल का निर्माण करवाएगा। इसके लिए इंजीनियरों की टीम डीपीआर तैयार करने में लग गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि बहुत जल्द इस हाईटेक स्कूल का निर्माण शुरू हो जाएगा। शासन ने प्रदेश के 44 जिलों में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत बस्ती मंडल के सिद्धार्थनगर का भी चयन किया गया है। इस स्कूल पर 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जहां कक्षा एक से 12वीं तक स्मार्ट क्लास, लैंग्वेज लेन व स्किल सेंटर संचालित होगा। इसके लिए प्राथमिक विद्यालय उसका बाजार का चयन किया गया है। जहां मानक के अनुसार साढ़े पांच एकड़ जमीन उपलब्ध है। पीडब्ल्यूडी भवन खंड के सहायक अभियंता राकेश सिंह और अवर अभियंता आरपी चौधरी के अनुसार, इस स्कूल में प्री-प्राइमरी से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई एक ही छत के नीचे मिलेगी। स्मार्ट क्लास, स्किल हब सेंटर, कंप्यूटर, लैंग्वेज लैब, बहुउद्देश्यीय हॉल व प्रधानाचार्य और स्टाफ के लिए आवास बनाए जाएंगे। एक से कक्षा आठ तक कंपोजिट विज्ञान गणित प्रयोगशाला, नौ से कक्षा 12 तक रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान के लिए मॉड्यूलर लैब, आरओ वाटर प्लांट, मिड-डे-मील किचन, डायनिंग हॉल और सीसीटीवी कैमरों की मदद से ऑनलाइन निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। शिक्षा विभाग इन मॉडल स्कूलों में विद्यार्थियों को पढ़ाई की अत्याधुनिक सुविधा उपलब्ध कराएगा। बताया कि यहां तीन मंजिला दिव्यांग सुलभ भवन भी बनाया जाएगा।




