291 गर्भवती महिलाओं का किया गया निःशुल्क अल्ट्रासाउंड

बलरामपुर। शुक्रवार को जनपद बलरामपुर के दो जिला स्तरीय चिकित्सालय जिला संयुक्त चिकित्सालय जिला महिला चिकित्सालय बलरामपुर , दस सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों सहित कुल बारह स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान मनाया गया। जनपद में आज आयोजित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान में कुल 1103 गर्भवती महिलाओं की जांच किया गया, 119 गर्भवती महिलाएं हाई रिस्क प्रिग्नेंसी के रूप में चिन्हित किया गया, कुल 291 महिलाओं का निः शुल्क अल्ट्रा साउंड करवाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ मुकेश कुमार रस्तोगी ने जिला संयुक्त चिकित्सालय बलरामपुर में आयोजित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का निरीक्षण किया। निरीक्षण किए जाने के समय तक कुल 20 गर्भवती महिलाओं की जांच किया गया था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिला संयुक्त चिकित्सालय के आकस्मिक चिकित्सा विभाग का निरीक्षण कर चिकित्सा अधिकारियों व अन्य मेडिकल स्टाफ को निर्देशित किया कि किसी भी मरीज को न तो बाहर की दवा और न ही जांच लिखा जाय। सीएमओ ने निर्देशित किया कि सभी गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व समस्त जांचें अवश्य कर लिया जाय । सीएमओ बलरामपुर डॉ मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि इस दिन गर्भवती महिलाओं, विशेष रूप से उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान की जाती है और उनका इलाज किया जाता है और उनके लिए उचित जन्म योजना तैयार की जाती है, क्योंकि उन्हें विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को विशेष देखभाल प्रदान करके मातृ मृत्यु दर को कम किया जा सकता है। इस दौरान प्रसव से पहले, प्रसव के दौरान और बाद में सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। सीएमओ ने जिला संयुक्त चिकित्सालय बलरामपुर के परिसर में स्थित रैन बसेरा, निर्माणाधीन एसएनसीयू तथा भोजनालय का भी निरीक्षण कर उपस्थित स्टाफ को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।निरीक्षण के समय जिला संयुक्त चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ राजकुमार, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा, डीपीएम शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, डॉ अरविंद यादव , जिला संयुक्त चिकित्सालय बलरामपुर के समस्त स्टाफ आदि उपस्थित रहे।




