सिद्धार्थनगर कोर्ट से लौट रहे अधेड़ को ट्रक ने कुचला, बेटे के सामने हुई मौत; चालक फरार

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। जिला मुख्यालय स्थित न्यायालय गेट के सामने गुरुवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय अधेड़ की ट्रक से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय उनका बेटा भी साथ था, जिसने अपनी आंखों के सामने पिता को दम तोड़ते देखा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और न्यायालय गेट के सामने दोनों ओर लंबा जाम लग गया। मोहाना थाना क्षेत्र के मधुबनी टोला रेहला गांव निवासी इनाउल्लाह (55) अपने पुत्र अलाउद्दीन के साथ एक मुकदमे की पैरवी के सिलसिले में जिला न्यायालय आए थे। गुरुवार शाम करीब 4रू30 बजे न्यायालय का कार्य समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान न्यायालय गेट के सामने सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही इनाउल्लाह सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया। मृतक के पुत्र अलाउद्दीन ने बताया कि उन्होंने बाइक मोड़ने से पहले इंडिकेटर भी दिया था, लेकिन ट्रक चालक ने रफ्तार कम नहीं की। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे न्यायालय गेट के सामने यातायात बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर जाम खुलवाया और ट्रक को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। इनाउल्लाह की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है।




