गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशबहराइचब्रेकिंग न्यूज़

*बहराइच: अस्पताल के सामने बदहाल सड़क और जलभराव से मरीज परेशान, किसान यूनियन ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन**

**जरवल (बहराइच)।**
विकास खंड जरवल के अंतर्गत ग्राम पंचायत मुस्तफाबाद स्थित सरकारी अस्पताल के सामने की मुख्य सड़क लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रही है। सड़क पूरी तरह जर्जर होकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे अस्पताल आने वाले मरीजों और स्थानीय नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर भारतीय किसान क्रांति यूनियन के जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार वर्मा ने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र भेजकर सड़क मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।

**हल्की बारिश में बन जाता है टापू, चोटिल हो रहे राहगीर**
स्थानीय ग्रामीणों और तीमारदारों का कहना है कि अस्पताल के ठीक सामने सड़क पर गहरे गड्ढे होने के कारण हल्की सी बारिश होते ही यहाँ भयंकर जलभराव हो जाता है। गंदे पानी के बीच से होकर मरीजों, बुजुर्गों और महिलाओं को अस्पताल जाना पड़ता है। कई बार मोटरसाइकिल और साइकिल सवार इन गड्ढों में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। स्वास्थ्य केंद्र के ठीक सामने ऐसी स्थिति होने से संक्रमण फैलने का खतरा भी लगातार बना हुआ है।

**”कई बार स्थानीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन ढाक के तीन पात वाली स्थिति रही। अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।”*– अजय कुमार वर्मा, जिला उपाध्यक्ष (भारतीय किसान क्रांति यूनियन)*

**शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी**
जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में यूनियन नेता अजय कुमार वर्मा ने जनहित का हवाला देते हुए मांग की है कि उक्त क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए और पानी की निकासी के लिए नाले का निर्माण सुनिश्चित किया जाए। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि इस गंभीर समस्या का जल्द ही समाधान नहीं किया गया, तो वे स्वास्थ्य सेवाओं में आ रही बाधा और प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

ब्यूरो दैनिक बुद्ध का सन्देश

ब्यूरो चीफ बहराइच दैनिक बुद्ध का संदेश समाचार पत्र

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!