कालानमक धान उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों के बीच चलाया जाएगा व्यापक अभियान

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर, 09 जून 2026। जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री बलराम सिंह की उपस्थिति में मंगलवार को कैम्प कार्यालय में कालानमक चावल ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ओडीओपी) कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) की जनपद स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न हुई।बैठक में जिलाधिकारी ने कालानमक धान के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों के साथ अनुबंधित खेती कराए जाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिकाधिक किसान गोष्ठियों के आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने एसपीवी तथा किसान सदस्यों की संख्या बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया।बैठक के दौरान सीएफसी के निदेशक ने बताया कि आगामी सत्र में 1500 मीट्रिक टन कालानमक धान की खरीद एवं प्रसंस्करण के लिए सिंगापुर की कंपनी बुद्धा राइस के साथ एमओयू किया गया है। इससे कालानमक चावल के विपणन और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि एसपीवी सदस्य किसानों तथा गैर-एसपीवी किसानों, जिनके पास 4 टन से अधिक कालानमक धान उपलब्ध होगा, उनके धान का प्रसंस्करण एवं परिवहन निःशुल्क किया जाएगा। इससे किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा और कालानमक धान उत्पादन के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा।बैठक में जिला कृषि अधिकारी रविशंकर पाण्डेय, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, सहायक उपायुक्त उद्योग शिवशंकर कुमार सहित एसपीवी के सदस्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।जिलाधिकारी ने कहा कि कालानमक चावल जिले की विशिष्ट पहचान है। इसके उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन को मजबूत कर किसानों की आय बढ़ाने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित प्रयास करने होंगे।




