प्रधानाध्यापक की विदाई में भावुक हुए छात्र, नम आंखों से किया सम्मान

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। कम्पोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिकटिहवा में 31 मार्च का दिन भावनाओं से भरा रहा, जब विद्यालय के प्रधानाध्यापक जीत बहादुर चौधरी अपने लंबे एवं सराहनीय सेवा कार्यकाल के बाद सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। प्रधानाध्यापक चौधरी के सेवानिवृत्त होने की खबर से बच्चों में काफी मायूसी देखी गई। कई छात्र-छात्राएं भावुक हो उठे और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। बच्चों ने अपने प्रिय गुरु को फूल-मालाओं और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय के सहायक अध्यापकों ने अपने संबोधन में कहा कि जीत बहादुर चौधरी ने अपने कार्यकाल में विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनकी अनुशासनप्रियता, समर्पण और छात्रों के प्रति स्नेह हमेशा याद किया जाएगा। इस दौरान प्रधानाध्यापक चौधरी ने भी अपने संबोधन में सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार के साथ बिताए गए पल उनके जीवन की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने उन्हें भावभीनी विदाई दी और उनके उज्जवल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। विद्यालय में उनके जाने से एक खालीपन महसूस किया जा रहा है, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा।




