थाना रिसिया का एसपी ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए सख्त निर्देश

बहराइच। पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना रिसिया का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान महिला हेल्पडेस्क पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों की पेंडेंसी की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि सभी शिकायतों को विधिवत रजिस्टर में दर्ज कर समयबद्ध और विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक प्रकरण में थाना प्रभारी को स्वयं फरियादियों से फीडबैक लेने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने थाने पर आने वाले आगंतुकों एवं फरियादियों के साथ शिष्ट और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने, उनके बैठने की उचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा शौचालयों की साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया।
मालखाने के निरीक्षण में माल को क्रमवार एवं वर्षवार सुरक्षित और व्यवस्थित रखने तथा संबंधित रजिस्टरों के सही संधारण के निर्देश दिए गए। मेस का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई बनाए रखने और निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने को कहा गया।
थाना परिसर, हवालात, बैरक और शौचालयों का निरीक्षण कर स्वच्छता, पानी की उपलब्धता और संसाधनों के उचित रख-रखाव के निर्देश दिए गए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और उनकी सही दिशा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले सभी मामलों को प्राथमिकता से सुनकर उनका त्वरित एवं विधिक निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से मुख्यालय न जाना पड़े। इसके अलावा थाना परिसर स्थित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण कर उसके प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा अभियान के अंतर्गत की गई कार्यवाहियों की समीक्षा भी की गई।




