पयागपुर में किसानों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा

दैनिक बुद्ध का संदेश
पयागपुर/बहराइच। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों ने सोमवार को उपजिलाधिकारी पयागपुर को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र के किसानों व ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। ज्ञापन में किसानों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में तैनात एक लेखपाल द्वारा अवैध वसूली की जा रही है और गलत रिपोर्ट लगाकर किसानों को परेशान किया जा रहा है। इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जों का भी मुद्दा उठाया गया। किसानों ने कहा कि कई स्थानों पर दबंगों द्वारा सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया गया है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। इसके अलावा बिना नोटिस दिए किसानों की जमीन पर कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से नियमों के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग की गई। नगर पंचायत पयागपुर में शौचालय निर्माण के लिए आवंटित धनराशि के बावजूद सुविधाएं न मिलने पर भी सवाल उठाए गए। किसानों ने नगर पंचायत के कार्यों की जांच कर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं गल्ला मंडी में व्यापारियों के पंजीकरण और किसानों को उचित सुविधा दिलाने की बात भी कही गई। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि सरकारी योजनाओं की जानकारी किसानों तक सही ढंग से नहीं पहुंच पा रही है, जिससे वे लाभ से वंचित रह जाते हैं। बैंकों और एजेंसियों द्वारा किसानों के शोषण का मुद्दा उठाते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की गई। सिंचाई व्यवस्था को लेकर नहर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए और खेतों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई। साथ ही चकबंदी और रास्ते से जुड़े विवादों को जल्द निस्तारित कर किसानों को राहत देने की अपील की गई। किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रशासन ने ज्ञापन लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।




