नाबालिग के लापता होने के मामले में पूर्व विधायक का बयान, जांच की मांग तेज

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर।जनपद के भवानीगंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के पिछले चार महीनों से लापता होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस बीच पूर्व विधायक राघवेंद्र सिंह थाना भवानीगंज पहुंचे और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।पूर्व विधायक ने कहा कि उन्हें सूत्रों से जानकारी मिली है कि गांव का ही एक व्यक्ति, जिसके बारे में स्थानीय स्तर पर मौलाना बताया जा रहा है, के घर पर लड़की के होने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की लीपापोती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस अधीक्षक , क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्ष से भी बातचीत कर कार्रवाई की मांग की गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।हालांकि, पूर्व विधायक द्वारा दिए गए कुछ धार्मिक टिप्पणियों पर स्थानीय स्तर पर चर्चा भी शुरू हो गई है। प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से फिलहाल मामले की जांच जारी है और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।पुलिस का कहना है कि नाबालिग के लापता होने के मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही तथ्य सामने लाए जाएंगे।



