सांसद जगदम्बिका पाल की अध्यक्षता में विकास कार्यों व विद्युत आपूर्ति को लेकर समीक्षा बैठक

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर, 15 मार्च 2026।जनपद में विकास कार्यों की प्रगति तथा ग्रीष्म ऋतु में सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल ने की। इस दौरान विधायक माता प्रसाद पाण्डेय, जय प्रताप सिंह, विनय वर्मा, सैय्यदा खातून तथा मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह मौजूद रहे।बैठक में मुख्य अभियंता विद्युत बस्ती मंडल ने सांसद व विधायकों का स्वागत किया। सांसद जगदम्बिका पाल ने बताया कि ऊर्जा मंत्री के निर्देश पर यह बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने वर्ष 2024-25 के सभी कार्य 30 अप्रैल 2026 तक तथा वर्ष 2025-26 के बिजनेस प्लान के कार्य 30 मई 2026 तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।सांसद ने बांसी के खेसरहा, इटवा के लोटा-खुनियांव, शोहरतगढ़ के कठेला तथा कपिलवस्तु के सोहांस खास में नए सबस्टेशन बनाने के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। साथ ही भवानीगंज में सड़क पर लगे ट्रांसफार्मर को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने को कहा।उन्होंने निर्देश दिया कि सांसद एवं विधायक द्वारा दिए गए प्रस्तावों को बिजनेस प्लान में शामिल किया जाए तथा सांसद निधि और विधायक निधि से स्वीकृत कार्यों की टेंडर प्रक्रिया एक माह के भीतर पूरी कर समयबद्ध ढंग से कार्य कराए जाएं। आरडीएसएस योजना के अंतर्गत जर्जर तारों को बदलने व ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि के कार्य भी जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।बैठक में बताया गया कि जनपद में अब तक 1.60 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। सांसद ने निर्देश दिया कि जहां स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं वहां 30 प्रतिशत जर्जर तार भी बदले जाएं तथा अधिकारियों द्वारा रैंडम जांच की जाए। इसके साथ ही विद्युत आपूर्ति का स्पष्ट शेड्यूल जारी करने के भी निर्देश दिए गए।इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल, विधायक कपिलवस्तु प्रतिनिधि नितेश पाण्डेय, अधीक्षण अभियंता अजय कुमार, अधिशासी अभियंता ज्ञानप्रकाश सहित सभी एसडीओ, जेई व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




