राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने सुनीं महिलाओं की फरियाद, पुलिस की शिथिलता पर जताई कड़ी नाराजगी

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई, जागरूकता चौपाल एवं जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा, शिक्षा और कल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। जनसुनवाईरू 30 मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश जनसुनवाई के दौरान उपाध्यक्ष के समक्ष महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज और छेड़छाड़ से संबंधित कुल 30 प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत हुए। श्रीमती चौधरी ने पुलिस विभाग द्वारा महिला उत्पीड़न के मामलों में कार्रवाई में शिथिलता बरतने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने महिला थाना और संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि दोनों पक्षों को बुलाकर एक सप्ताह के भीतर नियमानुसार निस्तारण रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। शिक्षा और बालिका सुरक्षा पर जोर उपाध्यक्ष ने स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो बालिकाएं स्कूल नहीं जा रही हैं, उन्हें कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से जोड़कर शिक्षित किया जाए। स्कूलों में बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए और शौचालयों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। बाल कल्याण समिति बाल विवाह को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए। औचक निरीक्षणरू बच्चों के शैक्षणिक स्तर पर असंतोष विकास भवन में बैठक के बाद उपाध्यक्ष ने उच्च प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र कपिया मिश्र का औचक निरीक्षण किया। कक्षाओं में बच्चों से गणित के सवाल हल न कर पाने पर उन्होंने शिक्षकों को फटकार लगाई और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का निर्देश दिया। आंगनबाड़ी केंद्र में उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया। जेल और वृद्धाश्रम का हाल जाना चारू चौधरी ने जिला जेल का निरीक्षण कर महिला बैरक की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने महिला बंदियों को दिए जा रहे सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण की सराहना की और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने श्अपना घरश् वृद्धाश्रम का दौरा कर वृद्धजनों का हाल-चाल जाना और उन्हें मिल रही सरकारी सुविधाओं की जानकारी ली। उपस्थितिरू इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी रोहिणी, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार, बीएसए शैलेश कुमार, डीआईओएस अरुण कुमार, समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




