छात्र का संदिग्धावस्था में पेड़ से लटका मिला शव,मचा हड़कंप

दैनिक बुद्ध का संदेश
गोन्डा। जनपद के थाना खरगूपुर अन्तर्गत इच्छापुरवा गांव में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया,जब एक चौदह वर्षीय छात्र का शव गांव के बाहर सरसों के खेत में आम के पेड़ से लटका मिला।घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय चर्चा के मुताबिक मृतक की पहचान रज्जनपुर इंछापुरवा निवासी पिंटू वर्मा के पुत्र गुलशन वर्मा (14) के रूप में हुई है। गुलशन स्थानीय कंपोजिट विद्यालय में कक्षा 6 का छात्र था।उसके पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं।परिजनों के अनुसार बुधवार शाम गुलशन घर से लकड़ी काटने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब 8 बजे ग्रामीणों ने गांव से करीब 400 मीटर दूर सरसों के खेत में आम के पेड़ से उसका शव लटका देखा और तत्काल परिवार को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शव के पैर जमीन को छू रहे थे। साथ ही बाईं भौंह पर चोट के निशान और बाएं कान का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त पाया गया, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।परिस्थितियां संदिग्ध होने के कारण ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी शेषमणि पाण्डेय ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।फिलहाल पुलिस परिजनों व ग्रामीणों से पूंछताछ कर रही है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।गांव में इस घटना के बाद शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।




