गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशमहाराजगंज

महराजगंज में मामा-भांजी के प्रेम प्रसंग का दर्दनाक अंत, युवती की मौत, युवक पुलिस हिरासत में

दैनिक बुद्ध का संदेश
महराजगंज/सिसवा बाजार। जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम बरवा डिगंबर में प्रेम प्रसंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दूर के रिश्ते में मामा-भांजी बताए जा रहे युवक-युवती द्वारा कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद युवती की मौत हो गई, जबकि युवक उपचार के बाद पुलिस हिरासत में है। जानकारी के अनुसार, बरवा डिगंबर निवासी इंद्रेश पुत्र ढोढ़ई का थाना भिटौली क्षेत्र के ग्राम रुदलापुर निवासी शालू (24 वर्ष) पुत्री दयाशंकर से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क हुआ था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों दूर के रिश्ते में मामा-भांजी लगते थे। इंद्रेश पहले से विवाहित है और उसके बच्चे भी हैं। कुछ दिन पूर्व दोनों घर से लापता हो गए थे, जिसके बाद युवती के परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। सूत्रों के अनुसार, जब दोनों वापस गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। गांव पहुंचने के बाद दोनों की हालत अचानक बिगड़ गई। परिजनों को जानकारी होने पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की टीम ने युवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक को गंभीर अवस्था में अस्पताल भेजा गया। इलाज के बाद युवक की हालत में सुधार हुआ, जिसके पश्चात उसे पुलिस अभिरक्षा में लेकर थाने लाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। मृतका के माता-पिता और परिजनों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थानाप्रभारी कोठीभार धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। प्रेम संबंध, सामाजिक बंधन और पारिवारिक दबाव के बीच एक युवती की जान चली गई, जबकि युवक अब कानून की प्रक्रिया का सामना कर रहा है। फिलहाल, सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!