झूठी अपहरण की अफवाह फैलाने वाले युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

दैनिक बुद्ध का संदेश
बस्ती/रुधौली। रुधौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिशनपुरवा चौकी के समीप सरयू नहर खंड-4 पर बीती रात शनिवार करीब 9ः00 बजे उस समय हड़कंप मच गया जब सोनू चौधरी नामक युवक द्वारा अपहरण की झूठी सूचना फैलाए जाने का मामला सामने आया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक सोनू चौधरी को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस पूछताछ के दौरान सोनू चौधरी ने स्वीकार किया कि उसने खुद ही अपहरण की मनगढ़ंत कहानी गढ़ी थी और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया था। उसने बताया कि कुछ कर्जदारों के दबाव और मानसिक तनाव के कारण उसने यह झूठी कहानी बनाई थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की अफवाहें फैलाने से समाज में भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं और किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि संबंधित थाने से अवश्य करें।




