स्थापना दिवस पर रामचरितमानस अखण्ड पाठ का हुआ आयोजन, आज होगा विशाल भंडारा

दैनिक बुद्ध का संदेश
डुमरियागंज सिद्धार्थनगर। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के द्वितीय स्थापना दिवस के पावन अवसर पर शाहपुर स्थित हिन्दू भवन में श्रीराम चरित मानस अखण्ड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण के बीच बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विशेष पूजा-अर्चना के साथ अखण्ड पाठ का शुभारंभ हुआ।अखण्ड पाठ की पूर्णाहुति के उपरांत गुरुवार को राम-राम भोज (भंडारा) आयोजित किया जाएगा, जिसमें सनातन समाज के श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया गया है।इस अवसर पर पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रभु श्रीराम के मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की दूसरी वर्षगांठ रामभक्तों के लिए अत्यंत गौरव और आस्था का पर्व है। यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि समाज में एकता, प्रेम और आध्यात्मिक चेतना को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में लोगों से भंडारे में सम्मिलित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।कार्यक्रम में लवकुश ओझा, चंद्र प्रकाश वर्मा, धर्मराज वर्मा, मधुसूदन अग्रहरि, दीपेंद्र विक्रम सिंह, दिलीप पाण्डेय, लालजी शुक्ला, आकाश गर्गवंशी, शत्रुहन सोनी, राजन अग्रहरि एवं पं. राकेश शास्त्री आदि मौजूद रहे।




