16 किलोमीटर तिरंगा फैलाकर बनेगा विश्व रिकॉर्ड, 20 हजार से भी अधिक लोग होंगे शामिल

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। विश्व का सबसे लम्बा तिरंगा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को सिद्धार्थनगर स्थित सिंघेश्वरी मंदिर परिसर में सम्पन्न हुई। बैठक का उद्देश्य आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करना तथा 16 किलोमीटर लम्बा तिरंगा फैलाकर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने की तैयारी पर चर्चा करना रहा। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में विश्व का सबसे लम्बा तिरंगा समिति के केन्द्रीय संयोजक रघुवंश हिन्दू उपस्थित रहे। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए 21 सेक्टर प्रभारी नियुक्त किये जायेंगे, जिससे आयोजन को व्यवस्थित एवं ऐतिहासिक बनाया जा सकें। इस कार्यक्रम की मानव शृंखला में 20 हजार से ऊपर लोग शामिल होंगे और गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाया जायेगा। आगे उन्होंने बताया कि इससे पूर्व सिद्धार्थनगर में 15 किलोमीटर 100 मीटर लम्बा तिरंगा फैलाकर पांचवां विश्व रिकॉर्ड बनाया गया था। उससे पहले गोरखपुर में 13 किलोमीटर लम्बा तिरंगा फैलाकर भी विश्व रिकॉर्ड कायम किया जा चुका है। आगामी 16 किलोमीटर का तिरंगा कार्यक्रम 23 मार्च को अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव को समर्पित किया जायेगा। वहीं बैठक की अध्यक्षता सिंघेश्वरी मंदिर के महन्थ दिब्यांशु जी महाराज ने की। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन-बान-शान का प्रतीक है और इस प्रकार के आयोजनों से राष्ट्रभक्ति की भावना को नई ऊर्जा मिलती है। इस मौके पर दिलीप सोनी, राजन चौबे, शारदा पंडित, मनोज यादव, दिनेश कुमार, मुरली, रोहन, सुग्रीव सहित सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




