पंच परिवर्तन से समाज के भीतर आयेगा बदलाव: जिला प्रचारक विशाल

खुनुवां/सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र खुनुवां बाजार के सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिर पर सोमवार को हिन्दू सम्मेलन समिति की ओर से सकल हिन्दू समाज के लिए विशाल हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक विशाल ने कहा कि पंच परिवर्तन से हिन्दू समाज को बदलने की योजना चल रही है। जिसे समुदाय को अमल लाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, कुटुम्ब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी आचरण व नागरिक कर्त्तव्य से समाज के भीतर बदलाव आयेगा। आज हिन्दू समाज को एकजुट होने की जरूरत है। हिन्दू समाज की एकजुटता से देश परम वैभव के शिखर पर पहुंचेगा। भारत माता की दुनिया में जय-जयकार हो, इसके लिए नित साधना चल रही है। भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व रखवाली के लिए समाज को आगे आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षित है, तभी हम सब सुरक्षित हैं। ऐसे में सीमा क्षेत्र में निवास करने वाले लोगों को सदैव प्रहरी की तरह सजग रहने की जरूरत है। बांग्लादेश में हिन्दू युवक की हत्या के बाद जलाने के प्रकरण का उदाहरण देते हुए कहा कि इस घटना का प्रत्येक हिन्दू को विरोध करना होगा। दुनिया के भीतर अपनी ताकत का एहसास व समाज की एकजुटता दिखाने का समय आ गया है। अगर चुप रहे तो अपने साथ भी घटनाएं हो सकती हैं, ऐसे में एकजुटता का परिचय दें। इस दौरान विश्व हिन्दू परिषद की संयोजिका प्रमिला मिश्रा व सन्त शिवदास यादव ने भी अपना विचार रखा। कार्यक्रम की अध्यक्षता राधेश्याम मिश्रा ने की। इस दौरान खण्ड कार्यवाह पंकज श्रीवास्तव, प्रधान संघ अध्यक्ष डॉ0 पवन मिश्रा, गंगाधर मिश्रा, बहरैची बाबा, प्रधान संजय कुमार, अखिलेश वर्मा, बुद्धसागर, हरिनरायन आदि मौजूद रहें।




