प्रमाण पत्र व उपहार भेंटकर किया गया सम्मानित

बहराइच। राजकीय हाईस्कूल टेण्डवा सिस्टीपुर में कैरियर गाइडेंस मेला, खेलकूद प्रतियोगिता ,सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरा छात्र सम्मेलन , शिक्षक -अभिभावक सम्मेलन ,वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों का संचालन करते हुए शुक्रवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम, वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण का आयोजन किया गया। जिसमें खेलकूद में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण – पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किया गया। कैरियर गाइडेंस कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने भविष्य संवारने के लिए विविध मार्गाे का ज्ञान प्राप्त किया। वार्षिक समारोह एवं पुरस्कार वितरण बड़े ही हर्षाेल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि यशवन्त सिंह प्रधानाचार्य गांधी इण्टर कालेज बहराइच ने दीप प्रज्वलित करके किया।त्रिद्विवसीय कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानाचार्य बच्छराज ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न कैरियर विकल्पों, शैक्षणिक क्षेत्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के बारे में विस्तृत एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। बदलते समय की चुनौतियों के अनुरूप सही दिशा चुनने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला और छात्रों को अपनी रुचि एवं योग्यता के आधार पर लक्ष्य तय करने हेतु प्रेरित किया। छात्राओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, तथा साइबर क्राइम से बचाव के महत्वपूर्ण पहलुओं पर जागरूक किया, जिसे सभी ने अत्यंत ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम की सफलता में विद्यार्थियों की उत्साही सहभागिता तथा शिक्षकों के प्रेरक मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सार्थक एवं उपयोगी आयोजनों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। यह कैरियर गाइडेंस मेला विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी सिद्ध हुआ और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। इस अवसर पर शिक्षक प्रमोद कुमार सिंह, शिव कुमार, प्रमोद कुमार, वीरेंद्र कुमार तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




