टीएफआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का जनपद आगमन पर हुआ भव्य स्वागत

सिद्धार्थनगर। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीएफआई) के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधेरमण त्रिपाठी के प्रथम जनपद आगमन पर शिक्षकों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। 25 अक्टूबर को देशभर के शिक्षकों के हितों की लड़ाई के लिए कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में टीएफआई का औपचारिक गठन किया गया है़। जिसमें उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष व प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष राधेरमण त्रिपाठी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है़। बुधवार को जब वह बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में पहुंचे तो पहले से जिला मंत्री योगेंद्र पांडेय के नेतृत्व में मौजूद शिक्षकों ने माला पहनाकर स्वागत किया। शिक्षकों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि आरटीई लागू होने से पहले योग्यता मानदंड पूरा कर नियुक्त हुए अध्यापकों पर टीईटी अनिवार्यता का दबाव पूरी तरह अव्यावहारिक और अन्यायपूर्ण है, जिससे देश का हर शिक्षक परिवार मानसिक तनाव में है।आरोप लगाया कि राज्य सरकारें और केंद्र सरकार इस गंभीर विषय पर पर्याप्त संवेदनशीलता नहीं दिखा रहीं। इसी कारण यह संघर्ष अब राष्ट्रीय स्तर पर संगठित तरीके से लड़ा जाएगा। 21 नवंबर को रामलीला मैदान में देश भर के शिक्षक जुटेंगे और हुंकार भरेंगे। बताया कि प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा को राष्ट्रीय अध्यक्ष, झारखंड से राममूर्ति सिंह को राष्ट्रीय महासचिव, संजय सिंह को राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, शिव शंकर पांडे को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है़। इसके बाद ब्लॉक व जनपदीय पदाधिकारीगण के साथ बैठक कर 21 नवंबर की तैयारी को लेकर ब्लॉकवार समीक्षा किया और जनपद से न्यूनतम 700 की संख्या में दिल्ली पहुंचने का लक्ष्य रखा।
