गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशश्रावस्ती

एनसीसी कैडेटों को मिलेगा साहसिक गतिविधियों का अनुभव, श्रावस्ती में ऑल इंडिया ट्रैकिंग कैम्प का शुभारंभ

श्रावस्ती। श्रावस्ती जनपद के सिरसिया स्थित बनवारी देवी अशोक कुमार स्मारक महाविद्यालय में सोमवार को ऑल इंडिया ट्रैकिंग कैम्प का शुभारंभ हुआ। यह कैम्प 51वीं यूपी बटालियन एनसीसी बलरामपुर के तत्वावधान में आयोजित किया गया है। शुभारंभ अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अरविन्द प्रताप सिंह पटवाल ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि इस कैम्प का मुख्य उद्देश्य कैडेटों को उनके आरामदायक क्षेत्र से बाहर निकालकर साहसिक गतिविधियों से परिचित कराना, लचीलापन विकसित करना और बाहरी गतिविधियों के प्रति प्रेम पैदा करना है। कर्नल पटवाल ने कहा कि 28 अक्टूबर से 4 नवंबर तक चलने वाले इस कैम्प के दौरान कैडेटों को महात्मा बुद्ध की कर्मभूमि श्रावस्ती और उनसे जुड़े पुरातात्विक स्थलों को देखने और समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि सोहेलवा वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी, जो 452 वर्ग किलोमीटर में श्रावस्ती और बलरामपुर जिलों की सीमा तक फैली है, कैडेटों के लिए एक जीवंत प्रयोगशाला साबित होगी। यहां वे वनस्पतियों, जीव-जंतुओं और जैव विविधता को नजदीक से समझ सकेंगे। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इस क्षेत्र में ऐसे ट्रैकिंग कैम्प का आयोजन राष्ट्रीय एकता और पारस्परिक सौहार्द के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे देश के विभिन्न राज्यों से आए कैडेटों में भाईचारा, सहयोग और राष्ट्रीय एकीकरण की भावना को बल मिलेगा। कर्नल पटवाल ने बताया कि श्रावस्ती, जो उत्तर प्रदेश के सुदूरवर्ती और पिछड़े जिलों में शामिल है, इस आयोजन से यहां के स्थानीय युवाओं पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इस कैम्प में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख निदेशालय के लगभग 510 एनसीसी कैडेट्स और 15 एनसीसी अधिकारी भाग ले रहे हैं। कैम्प के शुभारंभ अवसर पर विद्यालय परिवार, एनसीसी अधिकारीगण व स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!