गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

डुमरियागंजके छठ घाटों पर उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ का समापन मंगलवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हुआ। तहसील क्षेत्र के छठ घाटों पर भोर से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। महिलाएं, बच्चे और पुरुष पवित्र जल में खड़े होकर सूर्य देव को नमन करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते नजर आए।सुबह करीब चार बजे से ही छठव्रती घाटों पर पहुंचने लगे थे। जैसे-जैसे सूर्य की लालिमा आकाश में फैलने लगी, घाटों पर भक्ति और श्रद्धा का माहौल चरम पर पहुंच गया। व्रतधारिणी महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान वातावरण में गूंजते रहे लोकगीत कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाय… ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। छठव्रतियों ने सूप में ठेकुआ, गन्ना, केला, नारियल, सेव, संतरा, पुआ, लडुआ, हल्दी आदि प्रसाद सजाकर सूर्य देव को अर्पित किया। पूजा उपरांत लोगों ने एक-दूसरे के बीच प्रसाद वितरण किया और महापर्व का शुभ समापन हुआ। राप्ती नदी तट, तेनुहार, जखौली, भारतभारी सागर, साऊपुरा घाट और बघनी घाट समेत सभी प्रमुख छठ स्थलों पर देर रात से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। हल्की ठंड के बावजूद लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। इस अवसर पर पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने भी राप्ती नदी तट पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और क्षेत्रवासियों के सुख, शांति व समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि छठ पूजा भारतीय संस्कृति की अद्भुत पहचान है, जहां महिलाएं अपने परिवार के स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए 36 घंटे तक निर्जल व्रत रखती हैं। यह त्याग, श्रद्धा और मातृत्व का अद्भुत उदाहरण है। पर्व के सुचारु आयोजन हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा आपातकालीन मेडिकल कैंप लगाया गया था। वहीं सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, महिला व पुरुष पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैदी से तैनात रहे। घाटों की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी सीओ बृजेश कुमार वर्मा व थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव के नेतृत्व में की गई। इस दौरान एसडीएम राजेश कुमार, नायब तहसीलदार विष्णु प्रसाद सिंह, ईओ सचिन कुमार पटेल, लवकुश ओझा, मधुसूदन अग्रहरि, शत्रुहन सोनी, सै. हसन ताकीब, अर्पित द्विवेदी, अभिषेक अग्रहरि, पं. राकेश शास्त्री, अर्जुन, राकेश, संजय सोनी समेत भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!