गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

कस्बा शोहरतगढ़ में जुआ खेलने को लेकर हुआ विवाद, चाकूबाजी में चार घायल, एक की हालत नाजुक

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। जिले के थाना क्षेत्र शोहरतगढ़ के गड़ाकुल तिराहे के समीप मंगलवार रात जुआ खेलने के दौरान हुआ विवाद खूनी झगड़े में बदल गया। देखते ही देखते चाकूबाजी शुरू हो गई, जिसमें चार युवक गम्भीर रूप से घायल हो गये। इनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक देर रात कुछ युवक एक स्थान पर बैठकर जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मार-पीट और फिर चाकूबाजी में बदल गई। बताया जा रहा है कि मोहित गुप्ता ने अपने भाइयों के साथ मिलकर दिनेश, गोपाल, सुरेश और एक अन्य युवक पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वहां भगदड़ मच गई और चारों युवक लहूलुहान होकर गिर पड़े। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शोहरतगढ़ पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दिनेश की हालत गम्भीर होने पर उसे माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया। वहीं गोपाल, सुरेश और एक अन्य घायल का इलाज सीएचसी शोहरतगढ़ में जारी है। वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक जुआ खेलने को लेकर इस इलाके में पहले भी कई बार विवाद हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे स्थलों पर कड़ी निगरानी की मांग की है। सूचना मिलते ही शोहरतगढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस सम्बन्ध में प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि प्रारम्भिक जांच में यह बात सामने आई है कि विवाद जुआ खेलने को लेकर हुआ था। उन्होंने पुष्टि की कि चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें दिनेश की हालत नाजुक है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!