टायर फटने से बस हुई अनियन्त्रित, बस के जोरदार ठोकर से बुजुर्ग की मौत

बांसी/सिद्धार्थनगर। जनपद के थाना क्षेत्र बांसी में मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसे में 65 वर्षीय साइकिल सवार बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई। यह दुर्घटना गोरखपुर से बांसी जा रही एक अनुबन्धित बस का टायर फटने से हुई। पुलिस के मुताबिक बस (संख्या न्च्53 क्ज् 1721) का अगला टायर अचानक फट गया, जिससे वह अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित बस ने सामने से आ रहे साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान भूसौला निवासी 65 बर्षीय लाल बचन मिश्र पुत्र रामबरन मिश्र के रूप में हुई है। बताया गया है कि लाल बचन मिश्र किसी निजी कार्य से साइकिल से बांसी की ओर जा रहे थे। यह घटना खलीलाबाद-बांसी मार्ग पर ग्राम पंचायत देवरिया के नहर से लगभग 100 कदम की दूरी पर नरही बुजुर्ग गांव के निकट हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। सूचना मिलते ही बांसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बस और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ जारी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर जाम लग गया था, जिसे बाद में पुलिस ने नियन्त्रित किया। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण होने वाले हादसों पर चिन्ता व्यक्त करते हुए प्रशासन से यातायात सुरक्षा उपाय और स्पीड कन्ट्रोल की मांग की है।



