दिवाली बना मातम फार्मासिस्ट का शव पानी में पड़ा मिला

बांसी/सिद्धार्थनगर। जिले के थाना क्षेत्र बांसी में मंगलवार सुबह एक फार्मासिस्ट का शव सड़क किनारे पानी में पड़ा मिला। यह घटना डुमरियागंज मार्ग पर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के पास प्रतापनगर मोहल्ले में हुई। मृतक की पहचान बांसी नगर पालिका के टेकधर नगर मोहल्ला निवासी 40 वर्षीय मनमोहन पुत्र रामेश्वर के रूप में हुई है। मनमोहन स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के मुताबिक मनमोहन सोमवार शाम दिवाली के दिन अपने घर से निकले थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनसे सम्पर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका फोन बन्द मिला। अगले दिन मंगलवार सुबह करीब 10 बजे स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे पानी में शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक विजय प्रकाश दीक्षित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पानी से बाहर निकलवाया। शव की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचित किया गया। परिजनों के घटनास्थल पर पहुंचने पर वहां शोक का माहौल बन गया। घटनास्थल पर आस-पास के लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक मनमोहन मिलनसार और शान्त स्वभाव के व्यक्ति थे। उनका किसी से कोई विवाद नहीं था, जिसके कारण उनकी मौत संदिग्ध लग रही है। घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पायेगा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किये हैं। पुलिस फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह दुर्घटना थी या किसी साजिश का नतीजा। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक के परिवार में पत्नी और दो बच्चों सहित अन्य परिजनों का बुरा हाल है।




