मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस परिवार परामर्श केंद्र की सराहनीय पहल — संवाद और समझदारी से 5 बिखरे परिवारों में लौटी खुशियां

श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार की मिशन शक्ति 5.0 योजना के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए संचालित पुलिस परिवार परामर्श केंद्र, श्रावस्ती ने एक बार फिर सराहनीय उदाहरण पेश किया है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के मार्गदर्शन और निर्देशन में शनिवार को आयोजित परामर्श बैठक में 5 बिखरे हुए परिवारों को संवाद और समझदारी के माध्यम से पुनः जोड़ा गया। परामर्श सत्र में पति-पत्नी के बीच आपसी मतभेद और विवादों को धैर्यपूर्वक सुनकर सुलझाया गया, जिससे रिश्तों में फिर से अपनापन और विश्वास लौट आया। बैठक में परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक शिवशरण गौड़, महिला आरक्षी ऋचा शुक्ला तथा संभ्रांत व्यक्ति दीनानाथ गुप्ता (भिनगा) की टीम ने दोनों पक्षों को सकारात्मक वार्ता के लिए प्रेरित किया। फलस्वरूप सभी पाँच परिवारों में आपसी सुलह हो गई। सुलह के उपरांत दंपतियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर नई शुरुआत की और खुशहाल जीवन जीने का संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन ने बताया कि आगे भी निरंतर संपर्क बनाए रखा जाएगा ताकि यह सुलह स्थायी रूप से सफल रहे और परिवार सामाजिक रूप से सशक्त बन सकें।
सुलह समझौता विवरण:
इरफान पुत्र आस मोहम्मद (पयागपुर, बहराइच) – मीना पुत्री सुलेमान (गिलौला, श्रावस्ती)
विमला देवी पत्नी पंकज कुमार मौर्य (अकबरपुर सेमरी, भिनगा) – पंकज कुमार मौर्य पुत्र केशव राम मौर्य (किशुनपुर चोखा भारी, भिनगा)
आलिया पत्नी शब्बीर – शब्बीर पुत्र याकूब (फटवा गुलरा, सिरसिया) सीता कुमारी पत्नी दीपक यादव – दीपक यादव पुत्र राम प्रसाद यादव (गणेशपुर, मल्हीपुर)
सूरत पुत्र ओरी – भुलाई पुत्र सूरत, छोटकउ पुत्र सूरत (शाहपुर, मल्हीपुर)
मिशन शक्ति 5.0 के तहत यह पहल समाज में पारिवारिक सौहार्द, संवाद और विश्वास की दिशा में पुलिस प्रशासन का एक प्रेरणादायक कदम साबित हो रही है।




